मणिपुर में इरिलबुंग थाने का मालखाना हुआ डिजिटल, ई-मालखाना प्रणाली की शुरुआत

युगवार्ता    31-May-2026
Total Views |
Image of the Irilbung Police Station's Malkhana in Digital E-Malkhana System.


इम्फाल, 31 मई (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस प्रशासन के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इरिलबुंग पुलिस थाने के मालखाने को अब आधुनिक ई-मालखाना प्रणाली में उन्नत कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पहल इम्फाल पूर्व के पुलिस अधीक्षक शिवानंद सर्वे तथा इरिलबुंग थाने की प्रभारी अधिकारी पूजा मलानी के नेतृत्व में की गई है।

नई प्रणाली के तहत अब केस से संबंधित जब्त संपत्तियों और साक्ष्यों का वैज्ञानिक और डिजिटल तरीके से भंडारण किया जाएगा। प्रत्येक साक्ष्य या संपत्ति को एक विशिष्ट बारकोड दिया जाएगा, जिसमें एफआईआर नंबर, संबंधित धाराएं, जांच अधिकारी का नाम, साक्ष्य का विवरण, फोटो, वर्तमान स्थिति और निस्तारण से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज रहेगी।

यह बारकोड सीधे केस रिकॉर्ड से जुड़ा रहेगा, जिससे किसी भी साक्ष्य की पहचान और उसकी उपलब्धता तेजी से सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे पारंपरिक मालखाना व्यवस्था में होने वाली त्रुटियों और गड़बड़ियों में भी कमी आने की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार ई-मालखाना प्रणाली से न केवल दस्तावेजों का व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से मालखाना प्रबंधन की कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार होगा और पुलिस की समग्र जांच एवं केस प्रबंधन प्रणाली अधिक मजबूत और वैज्ञानिक बनेगी।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags