नेपाल दौरे पर आईं अमेरिकी उपविदेश मंत्री सारा बी. रोजर्स, पर्यटन से लेकर प्रौद्योगिकी सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई

युगवार्ता    31-May-2026
Total Views |
नेपाल दौरे पर रही सारा बी रोजर्स


काठमांडू, 31 मई (हि.स.)। नेपाल के दौरे पर आईं अमेरिकी उपविदेश मंत्री सारा बी रोजर्स ने रविवार को ‘एसेन्ट समिट’ को संबोधित करते हुए नेपाल के साहसिक पर्यटन, नवाचार और प्रौद्योगिकी विकास में अमेरिका के निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रोजर्स ने कहा कि नेपाल और अमेरिका के बीच 79 वर्षों से चले आ रहे कूटनीतिक संबंधों तथा पर्वतारोहण ने दोनों देशों को ऐतिहासिक रूप से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की नींव ही खोज, अन्वेषण और जोखिम उठाने की भावना पर आधारित है और यही भावना अमेरिकी नागरिकों को नेपाल के हिमालयी शिखरों तक आकर्षित करती रही है।

रोजर्स ने वर्ष 1963 में जिम व्हिटेकर और नवांग गोम्बू के सागरमाथा (एवरेस्ट) की सफल चढ़ाई को याद करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने नेपाल-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि केवल इस वर्ष ही 67 अमेरिकी नागरिकों ने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई का प्रयास किया है। अमेरिकी उपविदेश मंत्री ने नेपाल के पर्यटन क्षेत्र में अमेरिका की मजबूत उपस्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में नेपाल आने वाले 11 लाख 50 हजार अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में से 1 लाख 12 हजार अमेरिकी नागरिक थे। उनके अनुसार, इसी कारण अमेरिका नेपाल के लिए दूसरा सबसे बड़ा पर्यटन स्रोत बाजार बन गया है।

रोजर्स तीन दिवसीय नेपाल यात्रा के लिए शनिवार को नई दिल्ली से काठमांडू पहुंची हैं। अपने दौरे के दौरान वह कई उच्चस्तरीय राजनीतिक नेताओं से मुलाकात करेंगी। उनकी मुलाकात सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी आरएसपी प्रमुख रवि लामिछाने विदेश मंत्री शिशिर खनाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से होने वाली है।

नेपाल में बालेन्द्र शाह सरकार के गठन के बाद मात्र दो महीनों के भीतर अमेरिका से होने वाला यह तीसरा उच्चस्तरीय दौरा है। इससे पहले 22 अप्रैल को दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों की अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर तथा 31 अप्रैल को दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के विशेष दूत एवं भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियों गोर नेपाल का दौरा कर चुके थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags