
कोलकाता, 31 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के कमरहाटी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा के आवास ‘उदय विला’ पर रविवार को पुलिस ने छापेमारी की। यह कार्रवाई बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के दक्षिण डिवीजन के पुलिस उपायुक्त द्युतिमान भट्टाचार्य के नेतृत्व में की गई।
सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आवास बंद था और विधायक मदन मित्रा वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और करीब एक घंटे तक तलाशी अभियान चलाया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, जिस परिसर में यह आवास और पार्टी कार्यालय संचालित होता है, उस जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि यह भूमि किसी केंद्रीय सरकारी संस्था की संपत्ति है, जिसके स्वामित्व और निर्माण की वैधता को लेकर जांच की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मदन मित्रा समय-समय पर इस आवास में रुकते हैं, हालांकि संपत्ति के कानूनी स्वामित्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
तलाशी अभियान पूरा होने के बाद पुलिस टीम परिसर को फिर से बंद कर वहां से लौट गई। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मदन मित्र के करीबी सूत्रों का कहना है कि वह इस समय दक्षिण कोलकाता स्थित अपने आवास पर हैं। रविवार को तृणमूल कांग्रेस की संसदीय दल की बैठक मुख्यमंत्री एवं पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर आयोजित की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इसी बैठक में शामिल होने के लिए मदन मित्र दक्षिण कोलकाता में मौजूद हैं। राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर भी है कि हालिया विधानसभा चुनाव में विजयी तृणमूल के 80 विधायकों में से कितने इस बैठक में भाग लेते हैं।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर