बुल्गारिया में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज, रुमेन रादेव को मिला सरकार बनाने का न्योता

युगवार्ता    07-May-2026
Total Views |

सोफिया, 07 मई (हि.स.)। बुल्गारिया में हाल ही में हुए संसदीय चुनाव के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। राष्ट्रपति इलियाना योतोवा ने चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाले रुमेन रादेव को गुरुवार को नई सरकार बनाने का आधिकारिक जनादेश सौंप दिया।

पूर्व फाइटर पायलट और यूरो संशयवादी नेता रुमेन रादेव की पार्टी “प्रोग्रेसिव बुल्गारिया” ने 19 अप्रैल को हुए संसदीय चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 44.6 प्रतिशत वोट हासिल किए। इस जीत के साथ पार्टी को 240 सदस्यीय संसद में स्पष्ट बहुमत मिला है।

जनादेश मिलने के बाद रादेव ने अपनी संभावित कैबिनेट की रूपरेखा भी पेश कर दी। माना जा रहा है कि संसद शुक्रवार को नई सरकार को मंजूरी दे सकती है। यदि ऐसा होता है तो बुल्गारिया में लगभग तीन दशक बाद पहली बार किसी एक दल की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।

रुमेन रादेव ने जनवरी में राष्ट्रपति पद छोड़कर संसदीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था। देश में भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई और आर्थिक असंतोष को लेकर हुए बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद पिछली सरकार दिसंबर में गिर गई थी। इसके बाद बुल्गारिया लगातार राजनीतिक अस्थिरता और बार-बार होने वाले चुनावों से गुजर रहा था।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags