
इस्लामाबाद, 01 जून (हि.स.)। यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश एवं सुरक्षा नीति संबंधी मामलों की उच्च प्रतिनिधि काजा कल्लास पाकिस्तान के दौरे पर सोमवार को इस्लामाबाद पहुंचीं। वो आठवें ईयू-पाकिस्तान रणनीतिक संवाद में हिस्सा लेंगी।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के बयान के अनुसार, उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार और कल्लास रणनीतिक संवाद की सह अध्यक्षता करेंगी। यह दोनों पक्षों के बीच व्यवस्थित चर्चा के लिए सर्वोच्च मंच है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार कल्लास का स्वागत उप प्रधानमंत्री डार ने किया। ईयू ने अलग बयान में कहा कि इस यात्रा के दौरान यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष कल्लास इस्लामाबाद में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात करेंगी। कल्लास आज इशाक डार के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगी।
ईयू की शीर्ष राजनयिक के पाकिस्तान दौरे के दौरान थिंक टैंक और शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों से भी मिलने की उम्मीद है। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पाकिस्तान और यूरोपीय संघ व्यापार, विकास, जलवायु मुद्दों, प्रवासन और क्षेत्रीय स्थिरता पर घनिष्ठ सहयोग बनाए हुए हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद