
धर्मशाला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम ने एक बार फिर देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन में धर्मशाला के मैदान को ‘बेस्ट ग्राउंड एंड पिच ऑफ द सीजन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि मैदान की बेहतरीन गुणवत्ता, उत्कृष्ट पिच तैयारियों और पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत करने वाले क्यूरेटरों, ग्राउंड्समैन और प्रबंधन टीम की मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि धौलाधार पर्वत श्रृंखला की छाया में बसे धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को विश्व क्रिकेट के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए वर्षों तक निरंतर प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी लोगों को समर्पित है जिन्होंने मैदान को देश के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट स्थलों में शामिल करने के लिए अथक परिश्रम किया।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला का मैदान केवल एक क्रिकेट स्टेडियम नहीं, बल्कि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और खेल संस्कृति का प्रतीक बन चुका है। यहां की हरियाली, विश्वस्तरीय सुविधाएं और पृष्ठभूमि में दिखाई देने वाली धौलाधार पर्वतमाला खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए यादगार अनुभव प्रदान करती है।
एचपीसीए प्रबंधन ने भी इस सम्मान को पूरी टीम की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि मैदान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए वर्षभर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि धर्मशाला आज देश के सबसे खूबसूरत और पसंदीदा क्रिकेट मैदानों में शुमार है।
क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि धर्मशाला में खेला गया हर मुकाबला केवल एक मैच नहीं, बल्कि हिमालय की गोद में खेल और प्रकृति के अद्भुत संगम का अनुभव होता है। आईपीएल 2026 में मिला यह सम्मान एचपीसीए और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया