यात्री वाहनों की बिक्री ने मई में पकड़ी रफ्तार, मारुति और किआ का नया रिकॉर्ड

युगवार्ता    01-Jun-2026
Total Views |
मारूति सुजुकी इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच वाहन कंपनियों ने ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद मई में मजबूत वृद्धि दर्ज की। इस दौरान मारुति सुजुकी और किआ इंडिया ने रिकॉर्ड बिक्री हासिल की है।

मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसकी मासिक बिक्री अब तक के सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गई, जबकि घरेलू बिक्री मई, 2026 में 1,93,535 इकाई रही जो पिछले साल इसी महीने में 1,38,690 इकाई थी। इस दौरान देश की सबसे बड़ी कार कंपनी की कुल बिक्री 34.76 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 2,42,688 इकाई रही। कंपनी ने मई, 2025 में कुल 1,80,077 इकाइयों की बिक्री की थी।

किआ इंडिया की बिक्री 23.6 फीसदी बढ़कर 27,586 इकाई पर

वाहन विनिर्माता कंपनी किआ इंडिया ने मई महीने में थोक बिक्री में 23.6 फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर्ज की और उसने 27,586 वाहन बेचे हैं। कंपनी ने मई, 2025 में 22,315 इकाई बेची थीं।

किआ इंडिया ने जारी बयान में बताया कि बाजार में प्रवेश करने के बाद से मई में यह अब तक की सबसे अधिक बिक्री का आंकड़ा है। कंपनी ने कहा कि यह मजबूत प्रदर्शन किआ के उत्पाद पोर्टफोलियो में ग्राहकों की निरंतर मांग और भारतीय बाजार में ब्रांड की निरंतर गति को दर्शाता है।

टोयोटा किर्लोस्कर की बिक्री सात फीसदी बढ़कर 33,128 इकाई

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की मई में कुल बिक्री 7 फीसदी बढ़कर 33,128 इकाई हो गई। मई 2025 में यह 30,864 इकाई थी। मोटर वाहन विनिर्माता ने बताया कि मई में घरेलू बिक्री 30,574 इकाई रही, जो मई 2025 के 29,280 इकाइयों की तुलना में चार फीसदी अधिक है। हालांकि, निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई और यह 61 फीसदी बढ़कर 2,554 इकाई हो गया। पिछले वर्ष इसी महीने में यह 1,584 इकाई था।

हुंडई मोटर इंडिया की बिक्री 9.1 फीसदी बढ़कर 47,837 इकाई

हुंडई मोटर इंडिया की मई में घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 9.1 फीसदी बढ़कर 47,837 इकाई हो गई। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 13,300 इकाइयों के निर्यात के साथ कुल मासिक बिक्री पिछले महीने 61,137 इकाई रही, जो सालाना आधार पर 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री 20 फीसदी बढ़कर 99,636 इकाई

इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की निर्यात सहित कुल वाहन बिक्री मई में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 99,636 इकाई हो गई। मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि यूटिलिटी वाहन खंड में कंपनी ने घरेलू बाजार में 58,021 इकाइयों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है। निर्यात सहित कुल यूटिलिटी वाहन बिक्री 59,573 इकाई रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags