सप्ताह के पहले दिन ही धराशाई हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,164 अंक लुढ़का

युगवार्ता    01-Jun-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


- बाजार की गिरावट से निवेशकों को लगा 3.75 लाख करोड़ का चूना

नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनातनी बढ़ने की खबर, कच्चे तेल की कीमत में तेजी, बिकवाली का दबाव और एफएमसीजी सेक्टर में आई बड़ी गिरावट की वजह से घरेलू शेयर बाजार एक बार फिर धराशाई हो गया। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। इस बिकवाली की वजह से दोनों सूचकांक गिरते चले गए। बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि बीएसई का सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 1,165 अंक टूट गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 375 अंक से अधिक लुढ़क गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.68 प्रतिशत और निफ्टी 0.70 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान आईटी, मीडिया और मेटल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का टेक इंडेक्स 1.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, पावर और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली होती रही। इसके अलावा बैंकिंग, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर, पब्लिक सेक्टर इंटरप्राइज और ऑयल एंड गैस इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.45 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने चार लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 460.72 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 464.47 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.75 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,549 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,589 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,761 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 199 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,015 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 924 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,091 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से छह शेयर बढ़त के साथ और 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 427.28 अंक की मजबूती के साथ 75,203.02 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक 592.19 अंक उछल कर 75,367.93 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में गिरावट आने लगी।

हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की भी कोशिश करते रहे। इसके बावजूद बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक लगातार लुढ़कता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 1,164.25 अंक का गोता लगा कर 572.06 अंक की कमजोरी के साथ 74,203.68 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 508.40 अंक की गिरावट के साथ 74,267.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 106.75 अंक की छलांग लगा कर 23,654.50 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक 185.95 अंक उछल कर 23,733.70 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी की चाल में गिरावट आने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 375.75 अंक फिसल कर 189.80 अंक की कमजोरी के साथ 23,357.95 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 25 अंक की रिकवरी कर 165.15 अंक की कमजोरी के साथ 23,382.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टेक महिंद्रा 4.01 प्रतिशत, इंफोसिस 3.58 प्रतिशत, कोल इंडिया 3.21 प्रतिशत, टीसीएस 1.70 प्रतिशत और जेएसडब्ल्यू स्टील 1.67 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर 3.21 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.98 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.97 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 2.76 प्रतिशत और आईटीसी 2.53 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags