कुवैत में अमेरिकी सैनिक सुरक्षित, सेंटकॉम ने ईरानी मिसाइलों को किया निष्क्रिय

युगवार्ता    01-Jun-2026
Total Views |
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) का एक्स पोस्ट


वॉशिंगटन/कुवैत सिटी, 01 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने दावा किया कि कुवैत में तैनात उसके सैनिकों को निशाना बनाकर दागी गईं दो ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को सफलतापूर्वक हवा में ही नष्ट कर दिया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी भी सैनिक या सैन्य प्रतिष्ठान को नुकसान नहीं पहुंचा।

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि रविवार देररात कुवैत स्थित अमेरिकी बलों की ओर बढ़ रही दोनों मिसाइलों को तत्काल इंटरसेप्ट कर लिया गया। सेना ने इसे अपनी वायु रक्षा प्रणाली की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिक पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा कि अमेरिकी बल ईरान की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं और क्षेत्रीय संघर्ष विराम बनाए रखने के प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे।

दूसरी ओर ईरान ने अपने कदम का बचाव किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान को क्षेत्र में मौजूद विदेशी सैन्य ठिकानों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है। उनका दावा है कि यह कार्रवाई हाल के अमेरिकी सैन्य अभियानों के जवाब में की गई।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags