प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर कर्नाटक में विशेष पूजा-अर्चना,भाजपा नेताओं ने की दीर्घायु की कामना

युगवार्ता    10-Jun-2026
Total Views |
PM-12Years-Special-pooja


बेंगलुरु, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की बागडोर संभालते हुए 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा देश की निरंतर प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थनाएं की गईं।

बेंगलुरु के विजयनगर स्थित आरपीसी लेआउट के संकटहर गणपति मंदिर में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन तथा राष्ट्र की उन्नति की कामना की। कार्यक्रम में विजयनगर और गोविंदराजनगर विधानसभा क्षेत्रों के बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए वी. सोमन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को दूरदर्शी बताते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की।

इसी क्रम में विधानसौधा परिसर स्थित अरलिकट्टे मुनेश्वर मंदिर में विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने प्रधानमंत्री मोदी के कल्याण के लिए विशेष पूजा कराई। इस अवसर पर विधायक चन्नबसप्पा सहित अनेक भाजपा नेता और समर्थक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चित्र के समक्ष विशेष पूजा की गई और उनके समर्थन में जयकारे लगाए गए। भाजपा नेताओं ने इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे कार्यकाल के दौरान देश को नई दिशा और गति प्रदान की है।

वहीं, भाजपा के कर्नाटक प्रभारी डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल तथा विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाड़ी नारायणस्वामी ने शेषाद्रिपुरम स्थित श्री रामलिंगेश्वर स्वामी मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी के नाम से विशेष पूजा-अर्चना कराई। पूजा के उपरांत उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।

उधर, गदग के श्री वीरनारायण मंदिर में भी भाजपा की ओर से विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के 4,399 दिनों के ऐतिहासिक कार्यकाल को स्मरण करते हुए उनके नेतृत्व और उपलब्धियों के लिए विशेष प्रार्थना की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, विधायक सी.सी. पाटिल, विधान परिषद सदस्य एस.वी. संकनूर तथा भाजपा जिला अध्यक्ष राजू कुरडगी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राज्यभर में आयोजित इन अनुष्ठानों के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की निरंतर प्रगति, आर्थिक समृद्धि और वैश्विक मंच पर बढ़ती प्रतिष्ठा के लिए प्रार्थना की। विभिन्न मंदिरों में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना के माध्यम से प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन की कामना की गई तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Tags