
भोपाल, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा संसदीय क्षेत्र की खेती और किसानों के लिए 14 जून का दिन ऐतिहासिक होगा। इस दौरान चार जिलों का तैयार किया गया वैज्ञानिक कृषि रोडमैप क्रियान्वित किया जाएगा। साथ ही विदिशा के बेरखेड़ी जट्टू में कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा।
यह जानकारी केन्द्रीय कृषि मंत्री एवं विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश के जरिए दी। उन्होंने बताया कि 14 जून को सुबह 10 बजे विदिशा के बेरखेड़ी जट्टू में कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा, यह कृषि विज्ञान केंद्र भारत का एक मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र होगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास जिले का हमने जो वैज्ञानिक कृषि रोडमैप बनाया है, उसको क्रियान्वित करना भी हम प्रारंभ करेंगे।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने बताया कि इस दिन 'खेत बचाओ अभियान' के अंतर्गत भी किसानों को अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जाएंगी। नकली खाद को कैसे पहचानें, उससे कैसे बचें, आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से फसलों की बुआई, आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रदर्शन, मशीनों का प्रदर्शन, स्टॉल और सीखने के लिए बहुत कुछ होगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से आग्रह किया है कि अपनी खेती को समयानुकूल बनाने के लिए आप इस कार्यक्रम में जरूर पधारें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर