
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को गुरुवार को एक और राजनीतिक झटका लगा जब पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा सचिवालय को सौंपते हुए इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
अपने इस्तीफा पत्र में बड़ाईक ने लिखा, “मैं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देता हूं, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। मैं उपसभापति तथा राज्यसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और सहायता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।”
हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया है। अब राज्यसभा सचिवालय की ओर से इस्तीफे से संबंधित संवैधानिक और प्रक्रियागत औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
गौरतलब है कि हाल के समय में तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी और अपने संसदीय पदों से इस्तीफा दिया है। इससे पहले सांसद सुष्मिता देव और शुखेंदु शेखर रॉय ने भी राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं।
प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की संख्या घटकर 10 सांसद रह गई है। उनके इस कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है, हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी