उत्तराखंड के लक्ष्य बने भारतीय अंडर-19 टीम के उपकप्तान

युगवार्ता    11-Jun-2026
Total Views |
लक्ष्य रायचंदानी


प्रियांशु फर्तियाल


देहरादून, 11 जून (हि.स.)। उत्तराखंड क्रिकेट के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) से जुड़े लक्ष्य रायचंदानी को भारतीय पुरुष अंडर-19 टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि प्रियांशु का मल्टी-डे (चार दिवसीय) टीम में चयन हुआ है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर क्रिकेट कमेटी ने श्रीलंका दौरे के लिए दोनों प्रारूपों की टीमों की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम तीन वन-डे और दो चार दिवसीय मैच खेलेगी। लक्ष्य रायचंदानी को वन-डे और मल्टी-डे दोनों टीमों में उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रियांशु को मल्टी-डे टीम में शामिल किया गया है।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने इस उपलब्धि को “उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण” करार दिया है। बीसीसीआई सदस्य और सीएयू के पूर्व सचिव माहिम वर्मा ने कहा कि लक्ष्य रायचंदानी का उप कप्तान बनना पूरे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उनकी मेहनत और प्रतिभा का यह नतीजा है। प्रियांशु फर्तियाल का मल्टी-डे टीम में चयन भी राज्य के उभरते क्रिकेटरों को प्रेरणा देगा। हमारा राज्य जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का काम लगातार कर रहा है और इसका नतीजा अब दिख रहा है।

सचिव किरन रौतेला वर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे श्रीलंका में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।

लक्ष्य रायचंदानी सटीक बल्लेबाजी और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विभिन्न घरेलू टूर्नामेंट्स में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। प्रियांशु भी मल्टी-डे फॉर्मेट में मजबूत बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं और उनका चयन उनके अनुशासित अभ्यास का परिणाम है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से उत्तराखंड के क्रिकेट प्रेमी उत्साहित हैं।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Tags