
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। भारत कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) मिशन के सहयोग से एआई कंपनी अवतार ने शुक्रवार को स्वदेशी वीडियो जनरेशन मॉडल ‘वर्या’ लॉन्च किया। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल उच्च गुणवत्ता वाले वीडियो बेहद कम लागत और कम समय में तैयार कर सकता है।
लॉन्च कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन भी मौजूद रहे। वर्या को भारत एआई मिशन के तहत उपलब्ध कराए गए कंप्यूटिंग संसाधनों की मदद से विकसित किया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वर्या वीडियो बनाने की प्रक्रिया को 50 चरणों से घटाकर केवल 4 चरणों में पूरा करता है। इससे वीडियो निर्माण की लागत घटकर लगभग 48 पैसे प्रति सेकंड रह जाती है, जो कई वैश्विक एआई वीडियो मॉडलों की तुलना में लगभग 10 गुना अधिक किफायती बताई जा रही है।
वर्या
को भारतीय जरूरतों और विविधताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह भारतीय त्योहारों, संस्कृति, खान-पान, पहनावे और स्थानीय परिवेश को समझते हुए वीडियो तैयार करने में सक्षम है। शिक्षा, ई-कॉमर्स, विज्ञापन, सरकारी जनजागरूकता और कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में इसके व्यापक उपयोग की संभावना है।
इस अवसर पर सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि वर्या भारत की स्वदेशी एआई क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह देश के गहरे तकनीकी नवाचार को नई गति देगा।
वहीं, अवतार के सह-संस्थापक और सीईओ श्रवांत अलुरु ने कहा कि भारत में एआई का भविष्य केवल बड़े मॉडल बनाने में नहीं, बल्कि ऐसे कुशल और किफायती मॉडल विकसित करने में है जो करोड़ों लोगों तक पहुंच सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी