टीबी, मलेरिया और एनीमिया मुक्त भारत के लिए समन्वित प्रयास जरूरी : अराधना पटनायक

युगवार्ता    12-Jun-2026
Total Views |
कार्यक्रम को संबोधित करते हुई एनएचएम मिशन निदेशक अराधना पटनायक


समीक्षा बैठक में उपस्थित जिले के अधिकारी-कर्मचारी।


धमतरी, 12 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मिशन निदेशक अराधना पटनायक ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना का विस्तृत आकलन किया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) तथा आयुष विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान अराधना पटनायक ने कहा कि टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, सिकल सेल और एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों के उन्मूलन एवं नियंत्रण के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उपचार, जागरूकता और सतत निगरानी के माध्यम से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने मीज़ल्स-रूबेला, एचपीवी और एमएमआर टीकाकरण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने, पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, पोषण सेवाओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल को और मजबूत करने पर बल दिया।

बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, सिकल सेल एवं टीबी स्क्रीनिंग, कुपोषण नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति, विभिन्न प्रमाणनों की तैयारी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए रणनीति पर भी चर्चा की गई। अराधना पटनायक ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए ।

बैठक में संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव झा, राज्य क्षय रोग अधिकारी, एसपीएम एनएचएम डॉ. भरत राजपूत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Tags