'धमाल 4' का ट्रेलर रिलीज, अजय देवगन की पलटन फिर मचाएगी कॉमेडी का धमाल

युगवार्ता    12-Jun-2026
Total Views |
धमाल 4 - फोटो सोर्स एक्स


अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धमाल 4' का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म लोकप्रिय धमाल फ्रैंचाइजी की चौथी किस्त है। ट्रेलर में कॉमेडी, अराजकता और पागलपन का ऐसा मिश्रण देखने को मिलता है, जो दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने का वादा करता है। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर अपने चर्चित किरदार 'गुड्डू' के रूप में नजर आएंगे, जबकि रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी भी अपने पुराने अंदाज में लौटे हैं।

करीब चार मिनट के ट्रेलर में इस बार कहानी एक रहस्यमयी खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई गई है। अजय, रितेश, आदि और मानव की टोली खजाने की खोज में निकलती है, लेकिन उनके रास्ते में रवि किशन का किरदार 'कैप्टन माइकल' बड़ी चुनौती बनकर सामने आता है। ट्रेलर में कई मजेदार और अजीबोगरीब घटनाएं दिखाई गई हैं, जिनमें हैरतअंगेज स्टंट, गलतफहमियां और हास्यास्पद टकराव शामिल हैं। मानव का बार-बार अनचाही परिस्थितियों में फंसना और टीम के बाकी सदस्यों की हरकतें फिल्म के हास्य पक्ष को और मजबूत बनाती हैं।

टी-सीरीज फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले बनी 'धमाल 4' में रवि किशन, संजीदा शेख, अंजिल आनंद और उपेंद्र लिमये भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी। कॉमेडी और रोमांच से भरपूर यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags