पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं के इतिहास को शामिल करने का फैसला स्वागतयोग्यः तरुण चुग

युगवार्ता    12-Jun-2026
Total Views |
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा सरकार द्वारा 8वीं कक्षा के इतिहास के पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं के जीवन, योगदान और उनकी शिक्षाओं को शामिल किए जाने के फैसले का स्वागत किया है। भाजपा ने कहा कि यह पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सिख विरासत के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने जहां गुरुओं के इतिहास को उपेक्षित किया, वहीं भाजपा ने वीर बाल दिवस, गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी समागम और अन्य आयोजनों के जरिए सिख इतिहास को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का कार्य किया है।

चुग ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि 1984 का सिख कत्लेआम देश कभी नहीं भूल सकता। वोटर लिस्ट पकड़कर सिखों को ढूंढ-ढूंढकर मारा गया, गुरुद्वारे जलाए गए, 52 शहरों को श्मशान बना दिया गया। भोपाल गैस कांड से लेकर दंतेवाड़ा के शहीदों तक कांग्रेस के दोहरे मापदंड जगजाहिर हैं। कांग्रेस की हिमालयन मिस्टेक्स की सूची बहुत लंबी है। जनता झूठ, भ्रम और मगरमच्छी आंसुओं की राजनीति को बार-बार नकार चुकी है। यह दाल अब गलने वाली नहीं है।तृणमूल कांग्रेस पर तंज कसते हुए तरुण चुग ने कहा कि जिस पार्टी ने पश्चिम बंगाल को लूट, तुष्टीकरण और कट मनी का राजनीतिक अड्डा बना दिया था उसके नेता अब जनता द्वारा सत्ता से हटाए जाने के बाद अपने पापों के भार से लगातार गिर रहे हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags