
रायपुर, 13 जून (हि.स.)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को देश की दिशा बदलने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों के सुशासन और विकास कार्यों ने 2047 तक 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक बेहद मजबूत नींव रख दी है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री सिंह शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने छह दशक के शासन में गरीबी खत्म नहीं कर सकी, जबकि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया है। मोदी सरकार के इन 12 वर्षों में जनजातीय समाज के विकास के लिए धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना शुरू की गई, जिसका बजट 79 हजार करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 66 हजार 61 गांव इस योजना में शामिल हैं। आदिम जाति कल्याण मंत्रालय के लिए अलग विभाग का गठन किया गया है, जिसका बजट 15 हजार करोड़ रुपये है।
उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसान अन्नदाता हैं। पहले किसानों के पास खेती के लिए पूंजी की व्यवस्था नहीं होती थी। उन्हें महाजनों से कर्ज लेना पड़ता था और बाद में भारी ब्याज के साथ लौटाना पड़ता था। लेकिन आज किसान क्रेडिट कार्ड की व्यवस्था है और इसके माध्यम से देश के किसानों को 10 लाख करोड़ रुपये का सस्ता ऋण दिया गया है। छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि यहां किसानों को सरकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर केसीसी का लाभ दिया जा रहा है, जिससे किसानों को फायदा मिल रहा है, आज देश में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य 4 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाना है। छत्तीसगढ़ में भी अब तक 10 लाख महिलाएं लखपति बन चुकी हैं।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत देशभर में 4.50 करोड़ से अधिक खाते खोले जा चुके हैं। सुरक्षा बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला अधिकारियों की संख्या 3 हजार से बढ़ाकर 11 हजार की गई है। प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में 65 हजार घरों में सोलर रूफटॉप लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जब मोदी सरकार ने काम शुरू किया था, तब टैक्स संग्रह 2 लाख 42 हजार करोड़ रुपये के स्तर पर था। आज भारत 22 देशों के साथ रुपये में व्यापार कर रहा है। आर्थिक सुधारों का जिक्र करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि वन नेशन, वन टैक्स के तहत लागू किया गया जीएसटी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र का बजट 16 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 53.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा है। मोदी सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय बजट 16 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 53.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 4.25 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। उन्होंने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार पहले लगभग 250 बिलियन डॉलर था। जो बढ़कर 680 बिलियन डॉलर तक पहुंचा और एक समय 724 बिलियन डॉलर तक गया। वहीं देश का निर्यात 28 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 83 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि जो महंगाई दर कभी दो अंकों में रहती थी, वह मोदी सरकार के कार्यकाल में घटकर 5 प्रतिशत से नीचे आ गई है।
उन्होंने कहा कि देश नरेन्द्र मोदी को प्यार कर रहा है। मोदी सरकार ने दुनिया में सबसे सस्ता इंटरनेट डेटा उपलब्ध कराया है।जब उनकी सरकार आई थी, तब 1 जीबी डेटा की कीमत 100 रुपये से अधिक थी, जबकि आज यह लगभग 10 रुपये तक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भारत आज मोबाइल फोन के सबसे बड़े निर्यातकों में शामिल हो चुका है।स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं ने 22 लाख से अधिक लोगों को रोजगार दिया है। देश ने न केवल बजट को चार गुना किया है, बल्कि टैक्स संग्रह में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कभी मीडिया के साथ कलावती के घर गरीबी समझने गए थे, जबकि मोदी गरीब परिवार में पैदा हुए और गरीबी में जीवन जिया है। उन्होंने कहा, “जिसके पैर न फटी बिवाई, वह क्या जाने पीर पराई।” उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ काम किया है। मोदी ने दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है और आज दुनिया का हर देश भारत के साथ हाथ मिलाना चाहता है।
______________
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा