नेपाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले विशेष कार्यक्रम का आयोजन

युगवार्ता    13-Jun-2026
Total Views |
पोखरा में आयोजित योग कार्यक्रम


काठमांडू, 13 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में भारतीय दूतावास और भारतीय पेंशन भुगतान कार्यालय ने पोखरा के प्रसिद्ध शांति स्तूप और शिव प्रतिमा परिसर में विशेष योग प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के महत्व को उजागर किया।

भारतीय दूतावास ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य योग के उस शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, जो स्वास्थ्य, सामंजस्य और समग्र कल्याण को बढ़ावा देता है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया।

पोखरा के मनमोहक प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति उत्साह को और बढ़ाया। दूतावास ने उम्मीद जताई कि 21 जून को होने वाले मुख्य समारोह में भी बड़ी संख्या में लोग सहभागी बनेंगे और योग के वैश्विक संदेश को आगे बढ़ाएंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags