
काठमांडू, 13 जून (हि.स.)। नेपाल और भारत के बीच सीमा पार रेलमार्ग परियोजनाओं को लेकर काठमांडू में दो दिनों तक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य रेल परियोजनाओं के कार्यान्वयन को गति देना और इस क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाना है।
नेपाल स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार शनिवार को संपन्न हुई 10वीं प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमिटी और 8वीं संयुक्त कार्य समूह की बैठक में नेपाल-भारत रेल नेटवर्क के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में भारत सरकार की अनुदान सहायता से निर्माणाधीन जयनगर–बिजलपुरा–बर्दिबास तथा जोगबनी–विराटनगर ब्रॉड गेज रेलमार्ग परियोजनाओं की अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा दोनों पक्षों ने जनकपुर–अयोध्या खंड में यात्री रेल सेवा संचालन के लिए आवश्यक परिचालन प्रक्रियाओं के मसौदे पर भी विचार-विमर्श किया।
भारतीय दूतावास ने बताया कि बैठक में रक्सौल–काठमांडू ब्रॉड गेज रेलमार्ग की फाइनल लोकेशन सर्वे रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही नेपाल की पूर्व-पश्चिम रेल परियोजना के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग और भविष्य में विकसित किए जाने वाले अन्य संभावित रेल संपर्कों को लेकर भी दोनों देशों के बीच सहमति बनी।
बैठक में शामिल दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने रेल क्षेत्र में जारी सहयोग को बनाए रखने और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास