
नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फ्रांस और स्लोवाक गणराज्य की छह दिवसीय महत्वपूर्ण आधिकारिक यात्रा शनिवार से शुरू हो गई है।उनकी यह यात्रा 18 जून को पूरी होगी।
अपनी रवानगी से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा के मुख्य उद्देश्यों और कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए एक्स पर लिखा, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर इस यात्रा पर जा रहे हैं। अपनी यात्रा के पहले चरण में वे फ्रांस के नीस शहर पहुंचेंगे।
फ्रांस की इस यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत के रणनीतिक विज़न में फ्रांस का खास स्थान है। इस साल की शुरुआत में राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान हमारे संबंधों को 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' का दर्जा मिला था। अब हम फरवरी के बाद हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जून को वह और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। 'भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष' के तहत होने वाला यह आयोजन भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ेगा।
नीस के बाद प्रधानमंत्री 14-15 जून को स्लोवाक गणराज्य की राजधानी ब्रातिस्लावा के लिए रवाना होंगे। वर्ष 1993 में स्लोवाकिया के एक स्वतंत्र देश बनने के बाद से किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली स्लोवाकिया यात्रा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी वहां के राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद वह स्लोवाकिया के प्रमुख 'बिजनेस लीडर्स' के साथ बैठक करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की गति को बढ़ाना और यूरोपीय संघ के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है।
स्लोवाकिया से प्रधानमंत्री मोदी सीधे एवियन (फ्रांस) पहुंचेंगे, जहां वे 16 और 17 जून को आयोजित होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि जी7 में भारत की मौजूदगी न केवल देश की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाती है बल्कि भारत यहां 'ग्लोबल साउथ' (विकासशील और गरीब देशों) की आकांक्षाओं और मुद्दों को भी प्रमुखता से आवाज देगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वह अपनी इस यात्रा का समापन 18 जून को पेरिस में करेंगे। पेरिस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और इनोवेशन शो 'वीवा टेक 2026' में शामिल होंगे। इस साल इस शो में अब तक का सबसे बड़ा 'भारतीय नेशनल पवेलियन' बनाया गया है।
इसके अलावा, पेरिस में वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह लगातार 8वां मौका है जब भारत को जी7 शिखर सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी