तेजस शिर्से ने बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, राष्ट्रमंडल खेलों के लिए किया क्वालीफाई

युगवार्ता    13-Jun-2026
Total Views |
तेजस शिर्से-(फोटो-रिलायंस यूथ फाउंडेशन एक्स अकाउंट)


लुधियाना, 13 जून (हि.स.)। भारत के उभरते एथलीट तेजस शिर्से ने शनिवार को पंजाब के गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया।

24 वर्षीय तेजस ने यह रेस 13.27 सेकंड में पूरी की और अपना ही पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2024 में 13.41 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।

तेजस का यह प्रदर्शन इस सत्र में एशियाई खिलाड़ियों के बीच पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ का छठा सबसे तेज समय भी बन गया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ तेजस ने इसी वर्ष होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

तेजस इससे पहले एशियाई खेलों के लिए भी अपना स्थान पक्का कर चुके हैं। उन्होंने पिछले महीने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-6 में स्वर्ण पदक जीतकर एशियाई खेलों का टिकट हासिल किया था।

लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे तेजस शिर्से अब भारतीय एथलेटिक्स के सबसे मजबूत दावेदारों में गिने जा रहे हैं और आने वाले बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उनसे पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags