वॉशिंगटन/पेरिस, 13 जून (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले सप्ताह जी-7 सम्मेलन के दौरान कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकों और उच्चस्तरीय चर्चाओं में भाग लेंगे। अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार ट्रंप फ्रांस में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान पश्चिम एशिया और अन्य प्रमुख देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप की अलग-अलग बैठकों में मिश्र, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस और भारत के शीर्ष नेताओं के साथ वार्ता शामिल है। इन बैठकों में आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होने की संभावना है।
जी-7 सम्मेलन के दौरान ट्रंप वोलोदिमीर जेलेंस्की की मौजूदगी वाले एक कार्य सत्र में भी हिस्सा लेंगे, जिसमें यूक्रेन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। हालांकि फिलहाल ट्रंप और जेलेंस्की के बीच औपचारिक द्विपक्षीय बैठक निर्धारित नहीं है, लेकिन सम्मेलन के इतर दोनों नेताओं की मुलाकात की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप सम्मेलन में साझा वैश्विक हितों के कई विषयों को प्रमुखता से उठाएंगे। इनमें आर्थिक विकास, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, अवैध प्रवासन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उन्नत प्रौद्योगिकियों के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता जैसे मुद्दे शामिल हैं।
व्हाइट हाउस के अनुसार, ट्रंप विशेष रूप से उन महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर जोर देंगे, जो आधुनिक तकनीक, ऊर्जा संक्रमण और रक्षा उद्योग के लिए आवश्यक माने जाते हैं।
सम्मेलन कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति ट्रंप 17 जून को पैलेस ऑफ वर्सेलिस में आयोजित एक औपचारिक रात्रिभोज में भी शामिल होंगे। इसके बाद उनके अमेरिका लौटने का कार्यक्रम है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय