


रांची, 14 जून (हि.स.)। केंद्रीय गृह रक्षा राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि देश पूरे आत्मविश्वास के साथ ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में जनकल्याण, सुशासन और विकास के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताया।
नित्यानंद राय रविवार को ओरमांझी के कुच्चू स्थित साईं नाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘प्रबुद्ध नागरिक संवाद’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प तभी पूरा होगा जब समाज के सभी वर्ग मिलकर योगदान देंगे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके बचपन का नाम नरेंद्र था और आज देश के प्रधानमंत्री का नाम भी नरेन्द्र है, और एक नरेंद्र की विचारधारा को दूसरे नरेन्द्र साकार कर रहे हैं।
राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में ‘विकास और विरासत’ दोनों को समान रूप से महत्व दिया गया है, जिसका उदाहरण राम मंदिर निर्माण है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की घटनाओं में 98 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि पूर्वोत्तर में उग्रवाद में 82 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि 2026 तक देश नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो चुका है।
नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र सरकार का 12 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण पर आधारित रहा है। इस दौरान जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
राय ने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता, डिजिटल नवाचार और मजबूत नेतृत्व के कारण वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास’ को सरकार का मूल मंत्र बताया।
रक्षा राज्यमंत्री यह भी कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आईआईटी, एम्स और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि हुई है, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर बने हैं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने पैतृक गांव कुच्चू पंचायत के जिराबार स्थित साईं नाथ यूनिवर्सिटी में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने रांची के बरियातु मंडल स्थित तेतर टोली तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लिया और सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने ग्रुप सेंटर रांची में आरपीएफ के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से शिष्टाचार मुलाकात भी की।
इस अवसर पर अभियान के प्रदेश सह-संयोजक आरती कुजूर, कुलपति डॉ. एस. पी. अग्रवाल, रांची पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय महतो, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे