अमेरिका-ईरान समझौते का हिजबुल्लाह ने किया स्वागत

युगवार्ता    15-Jun-2026
Total Views |

बेरूत, 15 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच हुए हालिया समझौते का लेबनानी संगठन हिजबुल्लाह ने स्वागत किया है। संगठन का कहना है कि यह पहल क्षेत्र में लंबे समय से जारी तनाव को कम करने और विभिन्न मोर्चों पर संघर्ष विराम की संभावनाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

हिजबुल्लाह की ओर से जारी बयान में कहा गया कि समझौते से लेबनान सहित पूरे क्षेत्र में शांति और स्थिरता की नई उम्मीद पैदा हुई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह लेबनान की संप्रभुता का सम्मान किए जाने और उसके नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानता है।

बयान में यह भी कहा गया कि लेबनान की सुरक्षा या उसके लोगों को निशाना बनाने वाली किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने क्षेत्रीय शांति के लिए संवाद और कूटनीतिक प्रयासों को आवश्यक बताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की।

हिजबुल्लाह ने समझौते की प्रक्रिया में लेबनान से जुड़े मुद्दों को महत्व दिए जाने पर ईरान का आभार व्यक्त किया। संगठन के अनुसार, यह कदम इस बात का संकेत है कि ईरान क्षेत्र में तनाव कम करने और संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थक है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags