लीबिया के तट पर 15 प्रवासियों के शव बरामद

युगवार्ता    15-Jun-2026
Total Views |

त्रिपोली, 15 जून (हि.स.)। लीबिया के तटीय शहर खुम्स में 15 प्रवासियों के शव समुद्र किनारे मिलने से एक बार फिर भूमध्यसागर के खतरनाक प्रवासी मार्ग को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन कार्यरत आपातकालीन चिकित्सा एवं सहायता केंद्र ने सोमवार को इसकी पुष्टि की।

अधिकारियों के अनुसार राजधानी त्रिपोली से लगभग 118 किलोमीटर पूर्व स्थित खुम्स शहर के तट पर ये शव बहकर पहुंचे। राहतकर्मियों ने शवों को बरामद कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

स्थानीय स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा जारी तस्वीरों में बचावकर्मी विशेष सुरक्षा पोशाक पहनकर शवों को तट से हटाते और दफनाते हुए दिखाई दिए। हालांकि मृतकों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता के बारे में तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

दरअसल, वर्ष 2011 में लीबिया में सत्ता परिवर्तन और उसके बाद पैदा हुई अस्थिरता के बाद से यह देश अफ्रीका से यूरोप जाने वाले प्रवासियों के लिए प्रमुख पारगमन मार्ग बन गया है। गरीबी, हिंसा और असुरक्षा से बचने के लिए लोग लीबिया के रास्ते भूमध्यसागर पार कर यूरोप पहुंचने का प्रयास करते हैं। इस दौरान उन्हें रेगिस्तानी मार्गों और समुद्री यात्रा के दौरान गंभीर जोखिमों का सामना करना पड़ता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags