राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में मप्र का स्वर्णिम प्रदर्शन, 39 पदकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन

युगवार्ता    15-Jun-2026
Total Views |
राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में ओवरऑल चैंपियन के खिताब के साथ मप्र की टीम


- चार वर्गों में मध्य प्रदेश बना चैंपियन, प्रदेश की बेटियों ने भी दिखाया दमखम

भोपाल, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने रायपुर (छत्तीसगढ़) में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब दिलाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

जनसम्पर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने जूनियर पुरुष, जूनियर महिला, सब-जूनियर बालक एवं सब-जूनियर बालिका वर्ग में चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय जलक्रीड़ा मानचित्र पर शीर्ष स्थान दिलाया।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय जूनियर कैनो स्प्रिंट ओवर ऑल चैंपियनशिप के लिये दी बधाई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के 'ओवर ऑल उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बेटों और बेटियों ने सभी 4 वर्गों में चैंपियनशिप जीत कर ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि राज्य सरकार उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना निर्माण और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी का प्रतिफल है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। जूनियर-सब-जूनियर खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदेशन से प्रदेशवासी गौरवान्वित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में जलक्रीड़ा के मानचित्र पर प्रदेश को शीर्ष स्थान दिलवाने वाले सभी जांबाज खिलाड़ियों और म.प्र. वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी बधाई की पात्र है।

39 पदकों के साथ रचा नया इतिहास

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने कुल 39 पदक अर्जित किए, जिनमें 25 स्वर्ण, 11 रजत एवं 3 कांस्य पदक शामिल हैं। जूनियर वर्ग की 1000 मीटर एवं 500 मीटर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने 24 पदक जीते, जिनमें 16 स्वर्ण, 6 रजत एवं 2 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं सब-जूनियर वर्ग की 500 मीटर एवं 200 मीटर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने 15 पदक अर्जित किए, जिनमें 9 स्वर्ण, 5 रजत एवं 1 कांस्य पदक शामिल है।

उन्होंने बताया कि देवास जिले के खातेगांव की प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ी माही साहू ने जूनियर वर्ग की 500 मीटर सी-4 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया। दिव्यानी जाट ने सी-2 500 मीटर एवं सी-4 1000 मीटर स्पर्धाओं में दो रजत पदक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं भाग्यश्री साहू ने के-4 200 मीटर स्पर्धा में रजत पदक तथा के-2 200 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश के पदक खाते में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई उपलब्धियां अर्जित कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मध्य प्रदेश की खेल अकादमियों में उपलब्ध वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं एवं सुनियोजित प्रतिभा विकास कार्यक्रमों की प्रभावशीलता को दर्शाती है। साथ ही खातेगांव की बेटियों सहित प्रदेश के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है तथा मध्य प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान प्रदान कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags