नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस के बड़े बेटे को चार साल की जेल

युगवार्ता    15-Jun-2026
Total Views |
Marius Borg Høiby, the eldest son of Norway's Crown Princess Mette-Marit


ओस्लो, 15 जून (हि.स.)। नॉर्वे में शाही परिवार की क्राउन प्रिंसेस मेटे-मैरिट के बड़े बेटे मारियस बोर्ग होइबी को यौन अपराधों से जुड़े एक मामले में दोषी पाए जाने के बाद सोमवार को चार साल जेल की सजा सुनाई गई। अदालत ने होबी के खिलाफ लगाए गए चार आरोपों में से दो में उन्हें दोषी ठहराया, जबकि दो अन्य आरोपों से बरी कर दिया। अदालत के फैसले के अनुसार ये मामले उन महिलाओं से जुड़े थे जो कथित रूप से सो रही थीं या किसी कारणवश विरोध करने की स्थिति में नहीं थीं। आरोप है कि ये अपराध 2018 और 2024 के बीच हुए थे। इसके अलावा, होइबी को कई अन्य आरोपों का भी सामना करना पड़ा, जिनमें हमला, नशीली दवाओं से जुड़े अपराध और अदालत द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन शामिल था। हालांकि, होइबी ने गंभीर आरोपों से इनकार किया, लेकिन उन्होंने कुछ कम गंभीर अपराधों, जैसे नशीली दवाओं से संबंधित उल्लंघनों और कानूनी आदेशों के उल्लंघन को स्वीकार किया था।

यह मामला नॉर्वे में व्यापक चर्चा का विषय बना रहा क्योंकि होइबी, मेटे-मैरिटके सबसे बड़े बेटे हैं। होबी का जन्म क्राउन प्रिंसेस की प्रिंस हाकोनसे शादी से पहले के एक रिश्ते से हुआ था। हालांकि होइबी के पास कोई शाही उपाधि नहीं है और वे आधिकारिक शाही दायित्व नहीं निभाते हैं, फिर भी शाही परिवार से उनके संबंध के कारण मुकदमे पर देशभर की नजर बनी रही।

यह मुकदमा कई सप्ताह तक चला, जिसमें अदालत ने कई शिकायतकर्ताओं की गवाही सुनी और प्रस्तुत साक्ष्यों की विस्तृत जांच की। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए होइबी को चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार

Tags