
नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश के व्यस्त रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सोमवार को अधिकारियों से कहा है कि निर्माण कार्य इस तरह किया जाए कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रेन संचालन भी प्रभावित न हो।
समीक्षा बैठक में मुंबई के बोरीवली, हरियाणा के अंबाला छावनी और कर्नाटक के मंगलुरु सेंट्रल रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी बैठक में मौजूद रहे।
रेल मंत्री ने कहा कि बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए स्टेशनों पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, चौड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी), नए प्रवेश और निकास द्वार, बेहतर यात्री आवागमन सुविधाएं तथा मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी विकसित की जानी चाहिए।
वैष्णव ने अधिकारियों को योजना के बाद के चरण में सांसदों, विधानसभा सदस्यों, स्थानीय निकाय के प्रतिनिधियों, राज्य सरकारों और दूसरे हितधारकों के साथ बातचीत करने का भी निर्देश दिया।
बोरीवली स्टेशन पर भीड़ कम करने के लिए पास के कांदिवली स्टेशन का भी समानांतर विकास किया जाएगा। योजना के तहत बोरीवली में एक अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, नए एस्केलेटर और लिफ्ट, बेहतर फुट ओवरब्रिज तथा पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अंबाला छावनी स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, अतिरिक्त एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जाएंगे। वहीं मंगलुरु सेंट्रल स्टेशन पर भी दो नए प्लेटफॉर्म, छह मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, बेहतर शेल्टर और अतिरिक्त एस्केलेटर-लिफ्ट की व्यवस्था की जाएगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, इन परियोजनाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, भीड़भाड़ कम होगी और स्टेशनों की क्षमता बढ़ेगी। योजनाओं को आगे बढ़ाने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से भी सुझाव लिए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार