
नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया है। यह प्रधानमंत्री मोदी को किसी भी विदेशी राष्ट्र द्वारा दिया गया कुल 33वां वैश्विक सम्मान है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। भाजपा ने कहा कि यह सम्मान देश में उनके कल्याणकारी कार्यों और उनके द्वारा हासिल किए गए वैश्विक भरोसे की पहचान है।
मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को मिले सम्मान से देश का मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा, इस सम्मान के साथ ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विभिन्न देशों के कुल 33 सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि ये सम्मान प्रधानमंत्री को देश के जन कल्याण के लिए किए गए कार्यों के लिए दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी को देश का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान, 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' प्रदान किया।
संबित पात्रा ने कहा, यह भारत के 140 करोड़ नागरिकों के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान सिर्फ प्रधानमंत्री के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लोगों के लिए भी है। हम प्रधानमंत्री और सभी भारतीयों को बधाई देते हैं।
उन्होंने कहा, ऐसे सम्मान जन कल्याण के कार्यों को मान्यता देने के लिए दिए जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार पिछले 12 वर्षों से 'विकास', 'विश्वास' और 'जन कल्याण' के मंत्र के साथ बहुत अच्छा काम कर रही है।
पात्रा ने कहा कि स्लोवाकिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मोदी को ऐसे समय में दिया गया है जब उन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में रिकॉर्ड बनाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी