दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में तीन दिनों तक हल्की बारिश के आसार

युगवार्ता    16-Jun-2026
Total Views |
दिल्ली मौसम (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर अगले तीन दिनों तक जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में 17 जून को सुबह और दोपहर के दौरान तेज हवाओं तथा गरज के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दिन अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब (-1.5 से 1.5 डिग्री सेल्सियस) रहेगा, जबकि कुछ जगहों का अधिकतम तापमान सामान्य से कम (-1.6 से -3.0 डिग्री सेल्सियस) रहेगा। पश्चिम दिशा से हवा चलने का अनुमान है, जिसकी गति सुबह के समय 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दोपहर के समय पश्चिम दिशा से हवा की गति बढ़कर 25 किमी प्रति घंटा हो जाएगी जबकि शाम में यही गति घटकर 15 किमी प्रति घंटा रह जाएगी।

गुरुवार को भी हवाओं के झोंको और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमशः 35-37 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को भी यही स्थिति रहेगी और तापमान में थोड़ा बहुत उतार-चढ़ाव रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक 18-22 जून के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ में 19 जून तक, तेलंगाना में 18 जून तक और छत्तीसगढ़ में 17 जून तक कुछ इलाकों में लू चलने की बहुत संभावना है।

अगले 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों तथा छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने के आसार हैं। इन्हीं क्षेत्रों में तेज हवाएं और कहीं-कहीं पर लू चलने का भी अनुमान है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा में अगले दो दिनों के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। वहीं, कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान गर्म रातें रहने का अनुमान है।

मध्य भारत में 19 जून तक अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है और धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। इसके अलावा 22 जून तक देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags