जी-7 शिखर सम्मेलन में मोदी-कार्नी की मुलाकात, भारत-कनाडा ने 2026 तक व्यापार समझौता पूरा करने का लक्ष्य दोहराया

युगवार्ता    16-Jun-2026
Total Views |

- ऊर्जा, व्यापार, रक्षा और नवाचार सहयोग को नई गति देने पर सहमति

- रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प

एवियन (फ्रांस), 16 जून (हि.स.)। जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों में आई सकारात्मक प्रगति का स्वागत करते हुए रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुलाकात में दोनों प्रधानमंत्रियों ने मार्च 2026 में मार्क कार्नी की भारत यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं तथा मजबूत और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाएं वैश्विक ऊर्जा एवं खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

दोनों नेताओं ने आर्थिक सहयोग की समीक्षा करते हुए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी), एलपीजी और धातुकर्म कोयले से जुड़े व्यावसायिक समझौतों में हुई प्रगति पर चर्चा की। साथ ही, व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर चल रही वार्ताओं में हुई प्रगति पर संतोष जताते हुए वर्ष 2026 के भीतर समझौता संपन्न करने का साझा लक्ष्य दोहराया।

प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री कार्नी ने दोनों देशों के बीच बढ़ते उच्चस्तरीय आदान-प्रदान का भी स्वागत किया। हाल ही में भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की कनाडा यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने वर्ष 2026 में प्रस्तावित कनाडाई व्यापार मिशन की सफलता की उम्मीद जताई।

बैठक में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा, वित्त, प्रवासन और कांसुलर सहयोग जैसे क्षेत्रों में संस्थागत संवाद को और मजबूत करने पर सहमति बनी। रक्षा और सुरक्षा सहयोग को नई दिशा देने के लिए दोनों देशों ने जनरल सिक्योरिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन एग्रीमेंट (जीएसओआईए) पर बातचीत शुरू करने का निर्णय लिया।

नेताओं ने कौशल विकास, नवाचार और शिक्षा क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने वाली कनाडा-इंडिया टैलेंट एंड इनोवेशन स्ट्रेटेजी के तहत चल रहे कार्यक्रमों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने हिंद महासागर रिम संघ (आईओआरए) में कनाडा को संवाद साझेदार (डॉयलॉग पार्टनर) बनाने के लिए भारत के समर्थन का आश्वासन दिया।

बैठक के दौरान दोनों देशों ने रायसीना अमेरिका नामक नए मंच की स्थापना की घोषणा भी की, जिसका उद्देश्य संवाद, विचार-विमर्श और सहयोग को और सशक्त बनाना है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा यात्रा के निमंत्रण के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का आभार व्यक्त किया। दोनों पक्षों ने वर्ष 2026 में इस यात्रा की तिथि तय करने के लिए राजनयिक माध्यमों से संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags