नेपाल में चीन के सहयोग से चल रही परियोजनाओं में तेजी आने की उम्मीद

युगवार्ता    16-Jun-2026
Total Views |
नेपाल और चीन के विदेश मंत्री स्तरीय बैठक


काठमांडू, 16 जून (हि.स.)। नेपाल में चीन के सहयोग से चल रही परियोजनाओं में तेजी आने की उम्मीद है। रविवार को चार दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे नेपाल के विदेशमंत्री शिशिर खनाल ने सोमवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। नेपाल के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस दौरान चीन ने पूर्व में सहमत परियोजनाओं में तेजी लाने का आश्वासन दिया।

दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच आधारभूत संरचना विकास, संपर्क एवं कनेक्टिविटी, सीमा प्रबंधन, ऊर्जा, व्यापार, निवेश, कृषि, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटलीकरण, पर्यटन, रासायनिक उर्वरक, पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस अन्वेषण और जनस्तर के संबंधों को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। चीन ने नेपाल सरकार को सुशासन और आर्थिक विकास की प्राथमिकताओं में पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

नेपाल ने स्पष्ट किया कि वह अपनी भूमि का उपयोग चीन विरोधी गतिविधि के लिए नहीं होने देगा। इसके जवाब में चीन ने नेपाल की संप्रभुता, भौगोलिक अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने दृढ़ समर्थन और सम्मान को पुनः व्यक्त किया। साथ ही, सुशासन और आर्थिक विकास के एजेंडे में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। द्विपक्षीय वार्ता के बाद विदेशमंत्री वांग यी ने खनाल के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags