बीजिंग में नेपाल के विदेश मंत्री की चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता से मुलाकात, नेपाल-चीन संबंधों पर हुई चर्चा

युगवार्ता    16-Jun-2026
Total Views |
चीनी नेता से मुलाकात करते नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल


काठमांडू, 16 जून (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने सोमवार को बीजिंग में चीनी कम्यूनिस्ट पार्टी के विदेश विभाग प्रमुख लियू हाइशिंग से मुलाकात कर द्विपक्षीय वार्ता की। लियू हाइशिंग चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के अंतरराष्ट्रीय विभाग के मंत्री हैं।

खनाल ने इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में नेपाल-चीन संबंधों को और मजबूत बनाने, राजनीतिक दलों के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच संबंधों को और गहरा करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

चीन दौरे पर रहे विदेश मंत्री खनाल की अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता होने वाली है। इस बैठक में नेपाल-चीन संबंधों को और सुदृढ़ बनाने तथा आपसी सहयोग को विस्तार देने पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।

बीजिंग प्रवास के दौरान खनाल अन्य वरिष्ठ चीनी अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, विदेश मंत्री बीजिंग स्थित नेपाली दूतावास द्वारा आयोजित एक निवेश सम्मेलन में भी सहभागी होंगे, जिसका उद्देश्य नेपाल में विदेशी निवेश आकर्षित करना है। इस दौरान उनकी चीनी उद्यमियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें होने की संभावना है।

दौरे के दौरान मंत्री खनाल द्वारा बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) परियोजना के कार्यान्वयन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा किए जाने की उम्मीद है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags