शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार की गिनाई उपलब्धियां, कहा-मोदी सरकार के 12 वर्षों में इतिहास नया रचा

युगवार्ता    17-Jun-2026
Total Views |

पटना, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते यह बात कही।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश निराशा और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई दिशा और नई गति प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना के साथ केंद्र सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार किया है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंधु जैसे कदमों ने दुनिया को भारत की नई ताकत का परिचय कराया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि गरीब कल्याण है। उन्होंने बताया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, 60 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है, जबकि 81 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही 58 करोड़ जनधन खातों के माध्यम से वित्तीय समावेशन को नई दिशा मिली है।

शिवराज चौहान ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि देशभर में 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। संस्थागत प्रसव दर 68 प्रतिशत से बढ़कर 98 प्रतिशत हो गई है और लिंगानुपात में भी सुधार दर्ज किया गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाखों रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक सहायता दी गई है।

कृषि क्षेत्र पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है और किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना तथा उर्वरक सब्सिडी जैसी योजनाओं ने किसानों को राहत प्रदान की है। भारत अब खाद्यान्न आयातक से आत्मनिर्भर कृषि अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत यूपीआई लेनदेन में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में अग्रणी देश बन गया है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है तथा भारत अब रक्षा उपकरणों का बड़ा निर्यातक बन चुका है। वंदे भारत ट्रेन, आधुनिक आधारभूत संरचना, नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप संस्कृति और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे प्रयास विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी कार्य कर रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्यों से देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिली है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि बिहार की पावन धरती ज्ञान, तप, त्याग और महान विभूतियों की कर्मभूमि रही है तथा यहां आकर उन्हें सदैव ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त होती है।

इस प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल, प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पवन जायसवाल, विधायक संजीव चौरसिया और संजय गुप्ता , प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल और पटना महानगर के जिलाध्यक्ष रूप नारायण मेहता भी उपस्थित रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Tags