मुंबई में कोयला और लिग्नाइट गैसीफिकेशन योजना पर कोयला मंत्रालय का तीसरा रोड शो गुरुवार को

युगवार्ता    17-Jun-2026
Total Views |
कोयला मंत्रालय के जारी लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स)। कोयला मंत्रालय गुरुवार को मुंबई में 'सतही कोयला और लिग्नाइट गैसीकरण परियोजनाओं को बढ़ावा देने की योजना' पर तीसरे रोड शो का आयोजन करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य उद्योग की भागीदारी बढ़ाना और आयातित प्राकृतिक गैस तथा अमोनिया पर निर्भरता कम कर भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है।

कोयला मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस विशेष अतिथि, जबकि कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि होंगे।

मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि नई दिल्ली और हैदराबाद में आयोजित पिछले रोड शो को मिली उत्साहजनक सराहना के बाद मुंबई रोड शो में प्रमुख उद्योग हितधारकों, निवेशकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, नीति निर्माताओं, कोयला क्षेत्र के प्रतिनिधियों, वित्तीय संस्थानों और राज्य सरकार के अधिकारियों के एक साथ आने की उम्मीद है, ताकि कोयला गैसीकरण के उभरते अवसरों पर विचार-विमर्श किया जा सके और कोयला संसाधनों के स्वच्छ और अधिक टिकाऊ उपयोग के राष्ट्र के दृष्टिकोण का समर्थन किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags