राज्यसभा चुनाव से पहले राजग विधायकों ने दिखाई एकजुटता, मॉक पोल का प्रशिक्षण

युगवार्ता    17-Jun-2026
Total Views |
एनडीए विधायकों की सामूहिक तस्वीर


रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) खेमे में उत्साह का माहौल है। मतदान से कुछ घंटे पहले रांची के निवारणपुर स्थित होटल रेडिशन ब्लू में ठहरे राजग विधायकों की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मॉक पोल प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया, मतपत्र के उपयोग और मतदान संबंधी तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया। खासकर नए विधायकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई गई, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। कार्यक्रम में उपस्थित राजग विधायक गठबंधन समर्थित उम्मीदवार की जीत को लेकर आश्वस्त और उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि बीएनआर होटल में उसके विधायक किस उद्देश्य से ठहरे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सार्वजनिक रूप से कुछ और कहती है, जबकि व्यवहार में कुछ और करती है।

आदित्य साहू ने दावा किया कि राजग के सभी विधायक एकजुट हैं और गठबंधन समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी की जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक भी अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर मतदान कर सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा बाहरी नेताओं को पोलिंग एजेंट बनाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने झारखंड प्रभारी के. राजू और सह प्रभारी श्रीवेल्ला प्रसाद को पोलिंग एजेंट बनाया है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर पार्टी को भरोसा नहीं है।

इस दौरान होटल रेडिशन ब्लू में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जदयू विधायक सरयू राय सहित भाजपा, आजसू और सहयोगी दलों के कई विधायक मौजूद रहे।

राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक गठबंधनों की सक्रियता बढ़ गई है और मतदान से पहले राजनीतिक रणनीतियों का दौर अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Tags