फिल्म 'द महाराष्ट्र फाइल' में 'छोटा मराठा' शब्द के प्रयोग पर मराठा क्रांति मोर्चा ने मुख्यमंत्री और सेंसर बोर्ड से की शिकायत

युगवार्ता    17-Jun-2026
Total Views |
द महाराष्ट्र फाइल


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र में सामाजिक और प्रशासनिक विषयों पर आधारित फिल्म ‘द महाराष्ट्र फाइल’ रिलीज के बाद नए विवाद में घिर गई है। फिल्म में मराठा समाज का कथित रूप से ‘छोटा मराठा’ के रूप में उल्लेख किए जाने पर मराठा क्रांति मोर्चा ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस संबंध में मोर्चा ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास शिकायत दर्ज कराकर आपत्तिजनक हिस्सा तुरंत हटाने की मांग की है।

मराठा क्रांति मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि मराठा समाज महाराष्ट्र के सामाजिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे समाज का हीनता दर्शाने वाले शब्दों में उल्लेख करना भावनाओं और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है।

मोर्चा के अनुसार, ‘छोटा मराठा’ शब्द समाज में बड़ा-छोटा भेद निर्माण करता है। निर्माता-निर्देशक संजीव कुमार राठोड की यह फिल्म आवश्यक सेंसर प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के कई सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है। रिलीज के बाद जहां कुछ दर्शकों ने इसकी सराहना की, वहीं मोर्चा के पदाधिकारी अभय पाटिल ने मुख्यमंत्री और सेंसर बोर्ड को पत्र लिखकर सवाल उठाया है कि समाज की भावनाओं को आहत करने वाले संदर्भों को किस आधार पर मंजूरी दी गई।

मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और सेंसर बोर्ड ने इस मामले में उचित संज्ञान नहीं लिया, तो फिल्म दिखाने वाले सिनेमाघरों के खिलाफ राज्यभर में तीव्र आंदोलन किया जाएगा। इस विवाद पर फिल्म के निर्माता-निर्देशक संजीव कुमार राठोड से संपर्क नहीं हो सका है। दूसरी ओर, अखिल भारतीय बंजारा समाज की ओर से भी संजीव कुमार को चेतावनी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags