मुंबई में ‘साइक्लिंग बाय द सी’ के साथ हुआ फिट इंडिया साइक्लोथॉन, केंद्रीय खेलमंत्री ने किया नेतृत्व

युगवार्ता    17-Jun-2026
Total Views |
केंद्रीय खेलमंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया साइक्लोथॉन का नेतृत्व


मुंबई, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया विजन

को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को मुंबई के वर्ली कोस्टल साइकिल ट्रैक पर फिट इंडिया साइक्लोथॉन – ‘साइक्लिंग बाय द सी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया।

इस आयोजन में फिटनेस प्रेमियों, साइकिल चालकों, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

डॉ. मांडविया ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों के साथ साइकिल यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फिटनेस को जन आंदोलन बनाने और सक्रिय जीवनशैली के जरिए विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ, ताहा शाह बदुशा, ऐश्वर्या राज भाखुनी तथा ओलंपियन पहलवान एवं पुलिस उपायुक्त नरसिंह यादव भी शामिल हुए और नागरिकों को फिटनेस अपनाने के लिए प्रेरित किया।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार फिटनेस को विकसित भारत की आधारशिला बताते रहे हैं। फिट इंडिया मूवमेंट देशभर के नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

उन्होंने साइक्लिंग के व्यापक महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के कारण ईंधन आपूर्ति को लेकर उत्पन्न चुनौतियों के बीच साइकिल को टिकाऊ और ऊर्जा-कुशल परिवहन के रूप में बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

डॉ. मांडविया ने बताया कि पिछले दो वर्षों में फिट इंडिया अभियान में देशभर से लाखों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है, जिससे देश में फिटनेस संस्कृति को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा, “एक फिट नागरिक स्वस्थ समाज का निर्माण करता है और स्वस्थ समाज समृद्ध राष्ट्र की नींव होता है। विकसित भारत के निर्माण की दिशा में फिटनेस एक महत्वपूर्ण माध्यम है।”

फिट इंडिया साइक्लोथॉन, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के उस अभियान का हिस्सा है जिसके तहत नागरिकों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य फिट इंडिया आंदोलन के जरिए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को गति देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags