
नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने हज 2027 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने की।
इस मौके पर रिजिजू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में अल्पसंख्यक समुदायों के जीवन स्तर, गुणवत्ता एवं समग्र स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय से भारत को हज 2026 के लिए दो 'लब्बैतुम' अवॉर्ड मिले हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही हज 2027 के लिए नई हज नीति की घोषणा करेगी। मंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि हज 2027 इस साल के हज से बेहतर होगा।
बैठक में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव श्रीवत्स कृष्ण, विदेश मंत्रालय की सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन, विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (गल्फ) असीम आर. महाजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हज 2026 के सफल संचालन का आकलन किया गया और हज 2027 के लिए रोडमैप पर विस्तृत चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी