रूस के साथ बातचीत को लेकर ईयू के नेता दो गुटों में बंटे

युगवार्ता    19-Jun-2026
Total Views |

मॉस्को, 19 जून (हि.स./ रिया नोवोस्ती)। रूस के साथ कूटनीतिक संवाद स्थापित करने के मुद्दे पर यूरोपीय संघ (ईयू) के नेता दो गुटों में बंट गये हैं। उधर, रूस का कहना है कि वह बातचीत के लिए तैयार है लेकिन उसे इसकी कोई हड़बड़ी नहीं है।

अमेरिका एवं यूरोप की राजनीति को कवर करने वाले समाचारपत्र 'पोलिटिको' ने राजनयिक सूत्रों के हवाले से शुक्रवार को एक रिपोर्ट में कहा कि रूस के साथ बातचीत के मुद्दे ने ईयू देशों के नेताओं को दो गुटों में बांट दिया है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कुछ दिनों पहले एक बयान में कहा था कि वह सही समय मान कर रूस के साथ बातचीत की तैयारियों के बारे में ईयू नेताओं से चर्चा कर रहे हैं।

पोलिटिको ने बुधवार को एक ईयू अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट दी कि ईयू ने हाल के हफ्तों में रूस सरकार से संपर्क किया था। अधिकारी ने कहा कि ये संपर्क संक्षिप्त थे और इनका मुख्य मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन इससे यह पता चला कि ब्लॉक के कुछ ऐसे हित हैं जिनकी रक्षा करने की आवश्यकता है।

ईयू शिखर सम्मेलन 18-19 जून को ब्रुसेल्स में हो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि गुरुवार शाम को नेताओं ने सहायकों और मोबाइल फोन के बिना बातचीत के मुद्दे पर चर्चा की।

रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने इस तरह से संपर्क करने का विरोध किया। अखबार के अनुसार, उनका मानना है कि रूस के साथ बातचीत के लिए अभी सही समय नहीं है और जब ऐसा समय आएगा, तो पहल ई3 - फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन- को करनी चाहिए।

वहीं, सूत्रों में से एक ने बताया कि बड़ी संख्या में अन्य नेताओं ने कोस्टा का समर्थन करते हुए इसके विपरीत रुख अपनाया।

मंगलवार को 'पोलिटिको' ने रिपोर्ट दी कि ईयू अधिकारी मॉस्को में अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकोफ और जेरेड कुशनर की एक और यात्रा को लेकर सतर्क थे, क्योंकि ऐसा प्रतीत होता है कि अमेरिकी अधिकारी ईयू की भागीदारी के बिना यूक्रेन पर रूस के साथ बातचीत करना चाहते हैं।

उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस यूरोप के साथ बातचीत शुरू करने के लिए तैयार है, लेकिन उसे कोई जल्दबाजी नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Tags