राष्ट्रपति पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए रवाना

युगवार्ता    19-Jun-2026
Total Views |
राष्ट्रपति को इन्दौर एयरपोर्ट पर दी विदाई देते हुए राज्यपाल-मुख्यमंत्री


भोपाल, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के प्रवास पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किया। आज दोपहर बाद इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भावभीनी विदाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मु शुक्रवार सुबह खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में विश्व सिकल सेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद दोपहर में इंदौर एयरपोर्ट पहुंची और यहां से अपने यात्रा का पहला पड़ाव पूर्ण कर आगे के निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हुईं।

इंदौर जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु ने इंदौर से पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किया। राष्ट्रपति अपने मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास के दूसरे पड़ाव में शनिवार, 20 जून को शाम 6.10 बजे वायुयान द्वारा जबलपुर एयरपोर्ट आएंगी। यहां से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगी। वे रात्रि विश्राम जबलपुर के सर्किट हाउस में ही करेंगी। राष्ट्रपति अगले दिवस 21 जून को प्रात: 7:20 बजे जबलपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 11:40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के 36वें कान्क्लेव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।

इसके पश्चात वे दोपहर 1:20 बजे जबलपुर एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 2:20 बजे ग्वालियर पहुंचेंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 3:35 बजे कूनो गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। राष्ट्रपति रात्रि विश्राम कूनो गेस्ट हाउस में करेंगी। वे अगले दिवस 22 जून को प्रात: 6:30 वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी।

राष्ट्रपति प्रात: 10:20 बजे कूनो नेशनल पार्क हेलीपेड से प्रस्थान कर प्रात: 11:05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और ग्वालियर एयरपोर्ट से प्रात: 11:15 बजे वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति के पांच दिवसीय दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर हाई सिक्योरिटी और नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।

इंदौर एयरपोर्ट पर राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर ललवानी, विधायकगण महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला व मालिनी गौड़, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने उन्हें आत्मीय विदाई दी।

इस अवसर पर कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विजय बी. नायर, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाडे, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह सहित जनप्रतिनिधि वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags