फ्रेंच ओपन: मार्टा कोस्त्युक ने रचा इतिहास, स्वितोलिना को हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में पहुंचीं

युगवार्ता    02-Jun-2026
Total Views |
फ्रेंच ओपन: मार्टा कोस्त्युक ने रचा इतिहास, स्वितोलिना को हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में पहुंचीं


पेरिस, 02 जून (हि.स.)। यूक्रेन की युवा टेनिस स्टार मार्टा कोस्त्युक ने फ्रेंच ओपन में इतिहास रचते हुए अपनी हमवतन और अनुभवी खिलाड़ी एलिना स्वितोलिना को क्वार्टरफाइनल में 6-3, 2-6, 6-2 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

रोलां गैरो में खेले गए ओपन एरा के पहले ऑल-यूक्रेनी ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल में 15वीं वरीयता प्राप्त 23 वर्षीय कोस्त्युक ने सातवीं वरीयता प्राप्त स्वितोलिना को एक घंटे 49 मिनट में मात दी। निर्णायक सेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम 14 में से 13 अंक अपने नाम किए और ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ कोस्त्युक लगातार 17वीं क्ले-कोर्ट जीत हासिल करने में सफल रहीं। वह इस सीजन में पहले ही रूएन और मैड्रिड खिताब जीत चुकी हैं तथा शानदार फॉर्म में चल रही हैं।

मैच के बाद भावुक नजर आईं कोस्त्युक ने अपनी जीत यूक्रेन के लोगों को समर्पित की। उन्होंने कहा कि देश में एक और कठिन रात बीती है और कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसे समय में यह जीत यूक्रेनी नागरिकों के साहस और जुझारूपन को समर्पित है।

कोस्त्युक ओपन एरा में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली यूक्रेनी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वह यूक्रेन की तीसरी खिलाड़ी हैं जिन्होंने किसी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले यह उपलब्धि एलिना स्वितोलिना और दयाना यास्त्रेम्स्का हासिल कर चुकी हैं।

सेमीफाइनल में अब कोस्त्युक का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त मिरा एंद्रीवा से होगा। इससे पहले, दोनों की भिड़ंक इस वर्ष के मैड्रिड ओपन फाइनल में भी हुआ था, जिसमें कोस्त्युक ने बाजी मारी थी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags