दक्षिणी लेबनान में अस्पताल के पास इजराइली हमले में चार की मौत, 127 घायल

युगवार्ता    02-Jun-2026
Total Views |

बेरूत/टायर, 02 जून (हि.स)। दक्षिणी लेबनान के तटीय शहर टायर में स्थित जाबल आमेल अस्पताल के निकट सोमवार को हुए एक इजराइली हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 127 अन्य घायल हो गए। घायलों में अस्पताल के 39 कर्मचारी भी शामिल हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार विस्फोट के कारण अस्पताल परिसर को भी नुकसान पहुंचा है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी वीडियो में अस्पताल की इमारत और आसपास के क्षेत्र में हुए नुकसान को देखा जा सकता है।

हालांकि, इजराइली सेना ने अस्पताल को निशाना बनाने से इनकार किया है। सेना का कहना है कि हमला अस्पताल पर नहीं, बल्कि आसपास मौजूद कथित हिज्बुल्लाह ढांचे को लक्ष्य बनाकर किया गया था। सेना के बयान में कहा गया कि अभियान के दौरान नागरिक ढांचे, चिकित्सा संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को नुकसान से बचाने की हरसंभव कोशिश की जाती है।

दक्षिणी लेबनान में जारी सैन्य गतिविधियों के बीच स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां घायलों के उपचार तथा प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचाने में जुटी हुई हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags