'पेद्दि' का नया गाना 'मास्सा मास्सा' रिलीज

युगवार्ता    02-Jun-2026
Total Views |
राम चरण - फोटो सोर्स एक्स


राम चरण, जाह्नवी कपूर और जगपति बाबू स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेद्दि' का नया गीत 'मास्सा मास्सा' रिलीज हो गया है। ए.आर. रहमान के संगीत से सजे इस गाने में राम चरण का दमदार पहलवान अवतार देखने को मिल रहा है। गीत में फिल्म के शानदार दृश्यों के साथ-साथ बिहाइंड-द-सीन्स झलकियां भी शामिल हैं, जो इस किरदार के लिए अभिनेता की मेहनत और समर्पण को दर्शाती हैं। रिलीज के साथ ही यह गाना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा चुका है, जिसमें राम चरण तीन अलग-अलग एथलीट अवतारों, क्रिकेटर, धावक और पहलवान में नजर आए थे। 'मास्सा मास्सा' उनके रेसलर किरदार को और करीब से पेश करता है। रकीब आलम के लिखे बोल और नितेश अहेर की आवाज़ में सजा यह गीत फिल्म के प्रचार अभियान का नया आकर्षण बनकर सामने आया है। इससे पहले रिलीज हुए 'चिकिरी चिकिरी', 'राई राई रा रा' और 'हेल्लाल्लाल्लो' जैसे गीतों को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल चुका है।

बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी 'पेद्दि' में राम चरण एक क्रॉसओवर एथलीट की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं। ए.आर. रहमान के संगीत और भव्य तकनीकी टीम से सजी यह फिल्म 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जबकि इसका वर्ल्ड प्रीमियर 3 जून को होगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Tags