
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से मुल्लांपुर में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में चयन से चूकने वाले आकिब नबी सहित छह गेंदबाजों को नेट बॉलर के रूप में भारतीय टीम के साथ जोड़ा गया है।
भारतीय टीम की तैयारी में मदद करने के लिए जिन गेंदबाजों को नेट बॉलर के तौर पर शामिल किया गया है, उनमें आकिब नबी, गुरजपनीत सिंह, प्रिंस यादव, सारांश जैन, जीशान अंसारी और शिवांग कुमार शामिल हैं।
तेज गेंदबाजों में आकिब नबी के अलावा युवा प्रतिभाशाली प्रिंस यादव और गुरजपनीत सिंह भी शामिल हैं। प्रिंस यादव ने हाल के समय में आईपीएल में अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई है और वह अफगानिस्तान टेस्ट के बाद होने वाली वनडे श्रृंखला के लिए भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। वहीं तमिलनाडु के गुरजपनीत सिंह को भी नेट गेंदबाज के रूप में मौका मिला है।
स्पिन गेंदबाजों में सारांश जैन सबसे अनुभवी नाम हैं। मध्य प्रदेश के इस ऑफ स्पिनर ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 52 मैचों में 181 विकेट हासिल किए हैं।
मध्य प्रदेश के ही शिवांग कुमार, जिन्होंने अभी तक घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है, बाएं हाथ की कलाई स्पिन (लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिन) के साथ भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास कराएंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के जीशान अंसारी लेग स्पिन के जरिए दूसरी दिशा में टर्न कराने की क्षमता रखते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि शिवांग कुमार और जीशान अंसारी दोनों के पास अपनी गेंदबाजी में प्रभावी 'गुगली' (रॉन्ग-वन) भी मौजूद है, जिससे भारतीय बल्लेबाजों को विभिन्न प्रकार की स्पिन गेंदबाजी का सामना करने का अवसर मिलेगा।
नेट बॉलर सूची:
आकिब नबी
गुरजपनीत सिंह
प्रिंस यादव
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे