उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति ने की मुलाकात

युगवार्ता    02-Jun-2026
Total Views |
नई दिल्ली में मंगलवार को उपराष्ट्रपति भवन में दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले से मुलाकात करते उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन।


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले से मंगलवार को यहां उपराष्ट्रपति भवन में द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, कौशल विकास और लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को नई गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उपराष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक के दौरान द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। इस दौरान उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भारत और दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ (सैकू) के बीच प्रस्तावित वरीयता व्यापार समझौते का उल्लेख करते हुए इसके लिए जल्द वार्ता शुरू होने और सफल निष्कर्ष तक पहुंचने की आशा व्यक्त की।

दोनों पक्षों ने ब्रिक्स, जी-20, इब्सा और हिंद महासागर रिम संघ जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को और मजबूत करने तथा वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया।

बैठक में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का स्वागत किया गया। दोनों देशों ने भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की भागीदारी वाले आईबीएसएएमएआर नौसैनिक अभ्यास के आगामी संस्करणों के माध्यम से सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भारत के चीता पुनर्वास कार्यक्रम के लिए दक्षिण अफ्रीका द्वारा चीतों की आपूर्ति में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत जंगल में सफल प्रजनन सहित हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए इस संरक्षण पहल में दक्षिण अफ्रीका के निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति ने दक्षिण अफ्रीका को भारत की प्रमुख बहुपक्षीय पहल अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा रोधी अवसंरचना गठबंधन और अंतरराष्ट्रीय 'बिग कैट अलायंस' से जुड़ने पर भी विचार करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि ये पहलें दोनों देशों के साझा विकास और सतत विकास के उद्देश्यों के अनुरूप हैं।

बैठक में दोनों नेताओं ने शांति, समृद्धि, सतत विकास और वैश्विक दक्षिण के हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने तथा भारत-दक्षिण अफ्रीका संबंधों को और सुदृढ़ बनाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति माशातिले 29 मई से 3 जून तक आधिकारिक भारत दौरे पर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत में हैं। इस बैठक में उनके साथ दक्षिण अफ्रीका सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags