डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म वेव्स ओटीटी के पंजीकृत यूज़र्स की संख्या एक करोड़ के पार

युगवार्ता    02-Jun-2026
Total Views |
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। सरकारी डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म वेव्स ओटीटी ने मंगलवार को बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एक करोड़ पंजीकृत यूज़र्स का आंकड़ा पार कर लिया है। यह प्लेटफॉर्म प्रसार भारती द्वारा नवंबर 2024 में लॉन्च किया गया था।

वेव्स ओटीटी पर 24 हजार से अधिक कार्यक्रम, 140 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल और 200 से अधिक रेडियो सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा शिक्षा, समाचार, संस्कृति, धार्मिक कार्यक्रम और प्रसार भारती के पुराने संग्रह भी दर्शकों के लिए उपलब्ध हैं।

यह प्लेटफॉर्म अब 130 से अधिक देशों में पहुंच बना चुका है।

इस उपलब्धि पर प्रसार भारती ने कहा कि यह सफलता डिजिटल युग में डिजिटल सार्वजनिक सेवा मीडिया के बढ़ते महत्व को दर्शाती है और टेलीविजन, रेडियो, ऑन-डिमांड कंटेंट, शिक्षा, संस्कृति और विरासत के लिए एक ही मंच बनाने की परिकल्पना को पुष्ट करती है।

सामग्री के निरंतर विस्तार, रणनीतिक डिजिटल साझेदारियों, उपकरणों की व्यापक उपलब्धता और बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव के माध्यम से इस मंच ने लगातार वृद्धि दर्ज की है। भक्तिमय लाइव स्ट्रीम, शैक्षिक सामग्री, डिजिटल प्रकाशन, अभिलेखीय संग्रह और लाइव इवेंट कवरेज जैसी हालिया सुविधाओं ने दर्शकों की सहभागिता को और मजबूत किया है।

प्रसार भारती के अनुसार बढ़ती लोकप्रियता के बीच अब लक्ष्य मार्च 2027 तक 2 करोड़ पंजीकृत यूज़र्स तक पहुंचने का है।

वेव्स ओटीटी को भारत के सबसे तेजी से बढ़ते सार्वजनिक डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्मों में से एक माना जा रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags