नीट-यूजी 2026 के लिए एनटीए की व्यापक तैयारी, 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

युगवार्ता    20-Jun-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सुचारु, सुरक्षित और निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों सहित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में होगी।

एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए 95 हजार से अधिक परीक्षा कक्ष तैयार किए गए हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कुल 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए 51,311 जैमर तैनात किए गए हैं।

परीक्षा के दौरान प्रत्येक कक्ष में दो निरीक्षक (इनविजिलेटर) तैनात रहेंगे। अभ्यर्थियों की जांच और पहचान सत्यापन के लिए 38,795 फ्रिस्किंग कर्मियों तथा 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मियों की नियुक्ति की गई है। बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था को दोगुना किया गया है और इसके साथ फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी जोड़ी गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (सीएसओ) भी नियुक्त किया गया है, जो सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करेगा।

एनटीए ने लगभग 6,700 प्रेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) को परीक्षा केंद्रों पर तैनात किया है, जबकि 100 से अधिक वर्चुअल प्रेक्षक केंद्रीय स्तर पर लाइव सीसीटीवी फुटेज की निगरानी करेंगे। सीसीटीवी फुटेज का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित विश्लेषण भी किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान की जा सके।

परीक्षा की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, भारतीय वायु सेना तथा डाक विभाग की सेवाएं ली गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर औसतन 40 से 50 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। गोपनीय परीक्षा सामग्री रखने वाले करीब 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि डाक विभाग देशभर के लगभग 700 संग्रह केंद्रों से ओएमआर शीट एकत्र करेगा।

एनटीए ने बताया कि 20 जून को देशव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित कर जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक प्रणाली और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें भी की गईं।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, ओआरएस, एम्बुलेंस तथा अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई गई है तथा अतिरिक्त रफ वर्क पृष्ठ उपलब्ध कराए गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया में लगने वाले समय की भरपाई के लिए परीक्षा अवधि में भी विस्तार किया गया है।

एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित पेपर लीक और अन्य अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। एजेंसी ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

एनटीए ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शांत, सुरक्षित और तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा देने में मदद की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags