राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के गांव पाहाड़पुर में प्रधानमंत्री मोदी ने की गोसानी पीठ में पूजा-अर्चना

युगवार्ता    20-Jun-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जाहिरा में की पूजा अर्चना


भुवनेश्वर, 20 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने एक दिवसीय मयुरभंज दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ ओडिशा के पाहाड़पुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संथाली व हो जाहिरा गोसानी पीठ में पूजा-अर्चना करने के साथ साथ वहा चल रहे स्कूल व स्किल सेंटर का भी दौरा किया।

सोशल मीडिया के जरिये प्रधानमंत्री ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए सौभाग्य और प्रेरणादायक अनुभव रही।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ गोसानी पीठ में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि गोसानी पीठ का जनजातीय संस्कृति में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है । प्रधानमंत्री ने कहा कि यह स्थल जनजातीय समाज की आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मु के साथ पाहाड़पुर गांव में स्थित संथाली जाहिरा और हो जाहिरा स्थलों का भी दौरा किया और वहां श्रद्धा अर्पित की। उन्होंने कहा कि ये पवित्र उपवन आदिवासी समुदाय की प्रकृति के साथ गहरी आस्था और संतुलित संबंधों की परंपरा को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक परंपराएं भारत की समृद्ध विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं और इनका संरक्षण तथा संवर्धन आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इससे प्रेरणा ले सकें।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने पाहाड़पुर स्थित विद्यालय परिसर में दिवंगत श्री श्याम चरण मुर्मु, दिवंगत श्री लखन मुर्मु और दिवंगत श्री सिपुन मुर्मु के स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने व्यक्तिगत त्रासदियों के बावजूद जिस साहस और दृढ़ता का परिचय दिया है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उनके अनुभवों ने सार्वजनिक सेवा और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत किया है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने पाहाड़पुर गांव के एक विद्यालय का दौरा किया, जहां राष्ट्रपति मुर्मु ने स्थानीय शिक्षा ढांचे के विकास और युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने पाहाड़पुर स्थित स्किलिंग सेंटर का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा किए जा रहे प्रयास उल्लेखनीय हैं, जिससे गांव के विकास की गति को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि ग्रामीण युवा कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भरता और रोजगार के नए अवसर प्राप्त कर रहे हैं।

----

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Tags